रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब इंडिगो एयरलाइंस का एक विमान तकनीकी कारणों से उड़ान नहीं भर सका। कोलकाता से रांची पहुंचा यह विमान जैसे ही लैंड किया, उसके टायर की जांच में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई।
सूत्रों के अनुसार, विमान के एक टायर में हवा का दबाव सामान्य से कम पाया गया, जिससे सुरक्षा को देखते हुए विमान को तत्काल ग्राउंडेड कर दिया गया। एयरपोर्ट पर चक्का बदलने की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण स्थिति को तत्काल नियंत्रित करते हुए विमान को रनवे से हटाकर खड़ा कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों के बीच हलचल मच गई। हालांकि, किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान की खबर नहीं है। एयरपोर्ट प्रबंधन और एयरलाइंस स्टाफ ने यात्रियों को स्थिति की जानकारी दी और वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की प्रक्रिया शुरू की।
विमानन सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और तकनीकी टीम समस्या के समाधान में जुटी है।