JMM के मंत्री कैंप कार्यालय में सप्ताह में एक दिन लगाएंगे जनता दरबार, सुनेंगे फरियाद

Core News

रांची। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा की नई केंद्रीय कमेटी गठित होने के साथ ही मोर्चा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सह झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अचानक हरमू स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय पहुंचे। श्री सोरेन ने कहा कि पार्टी के सभी 6 मंत्री कार्यालय में जनता दरबार लगाएंगे और आम जनों की समस्याएं सुनेंगे।

इससे पहले केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के महासचिव विनोद पांडे और सुप्रिया भट्टाचार्य ने मुख्यमंत्री श्री सोरेन का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कार्यालय भ्रमण कर कई संगठनात्मक बातों पर चर्चा भी की।

मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय के दौरे के विषय पर पार्टी कार्यालय में श्री भट्टाचार्य ने बताया कि दिशोम गुरु व पार्टी के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन के प्रस्ताव पर ही हेमंत सोरेन अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। साढ़े चार हजार झामुमो प्रतिनिधियों ने एक स्वर में इनके चयन में अपनी सहमति दी है। अध्यक्ष बनते ही श्री सोरेन पार्टी कार्यालय पहुंचे या शुभ और हमारे लिए गौरव का दिन था। हमारा केंद्रीय कार्यालय बरियातू में बन रहा है। दो-तीन माह में यह पूरा हो जाएगा। मोर्चा के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन और अध्यक्ष हेमंत सोरेन इस कार्यालय का उद्घाटन करेंगे।

उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी छह मंत्री सप्ताह में कोई एक दिन जनता दरबार लगाएंगे। इसका रोस्टर तैयार किया जा रहा है। पार्टी को युवा अध्यक्ष मिला है। इससे हमारे कार्यकर्ता उत्साहित है।

इस अवसर पर पार्टी के महासचिव विनोद पांडे ने कहा कि महाधिवेशन ऐतिहासिक रहा। पार्टी को दिशोम गुरुजी का आशीर्वाद और मार्गदर्शन मिलता रहेगा। पार्टी को झारखंड का सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में नया अध्यक्ष मिला है। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में पार्टी एक लंबी लकीर खींचेगी। उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य का सपना पूरा करने झामुमो अब इस राज्य में विकास की नई इमारत गढ़ेगी इतिहास लिखेगी। हमारे लिए एक-एक कार्यकर्ता है हेमंत सोरेन के साथ कंधा से कंधा मिलाकर चलेंगे। और इस राज्य को लूटने और हक मारने वालों की दुकान बंद करेंगे।

Leave a Comment