रांची, 3 जून : राजधानी रांची के लापुंग थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण के दौरान भीड़ के हमले में घायल हुए थाना प्रभारी पु०अ०नि० संतोष कुमार यादव का इलाज राज अस्पताल, रांची में जारी है।
हमले में घायल थाना प्रभारी का हालचाल लेने के लिए आज रांची पुलिस उप महानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों से मुलाकात कर थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव तथा घायल सिपाही के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
उन्होंने चिकित्सकों से बातचीत कर सभी ज़रूरी चिकित्सकीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि घायल पुलिसकर्मियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।इस दौरान कोतवाली डीएसपी सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
अस्पताल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल तैनात है।घटना के बाद से पुलिस विभाग में रोष है और हमलावरों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि विधि व्यवस्था में बाधा डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के वक्त थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव अपनी टीम के साथ लापुंग इलाके में विधि-व्यवस्था संधारण हेतु गश्त कर रहे थे। तभी एक उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है और मामले की गहन जांच जारी है।