7 दिनों में 37 लाख से ज्यादा व्यूज़! हरियाणवी फिल्म ‘ढाणी’ ने OTT पर मचाई धूम
चंडीगढ़: हरियाणवी सिनेमा को ओटीटी पर नई पहचान दिलाने वाले डायलेक्ट-आधारित प्लेटफॉर्म स्टेज की नई ओरिजिनल फिल्म ‘ढाणी’ रिलीज के साथ ही दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। रिलीज के महज 7 दिनों में फिल्म को 37 लाख से अधिक व्यूज़ मिल चुके हैं। फिल्म की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता ने इसे हालिया समय की चर्चित हरियाणवी ओरिजिनल फिल्मों में शामिल कर दिया है।
क्या है ‘ढाणी’ की कहानी?

‘ढाणी’ एक सर्वाइवल थ्रिलर है, जिसकी कहानी एक साधारण लड़की के इर्द-गिर्द बुनी गई है। परिस्थितियां उस वक्त खतरनाक हो जाती हैं, जब वह चार अपराधियों के बीच फंस जाती है। अपनी जान बचाने के लिए उसे अपनी सूझबूझ, हिम्मत और इच्छाशक्ति का इस्तेमाल करना पड़ता है।
फिल्म की कहानी में लगातार बदलते हालात और नए मोड़ दर्शकों की उत्सुकता बनाए रखते हैं। तेज रफ्तार स्क्रीनप्ले, सस्पेंस और यथार्थवादी प्रस्तुति फिल्म को शुरुआत से लेकर आखिरी पल तक बांधे रखती है। कहानी में आने वाले ट्विस्ट दर्शकों के लिए यह अनुमान लगाना मुश्किल बना देते हैं कि आखिर जीत किसकी होगी।
प्रवीण सिंघल बोले- क्षेत्रीय भाषाओं में भी है बड़ी ऑडियंस
स्टेज के को-फाउंडर और चीफ कंटेंट ऑफिसर प्रवीण सिंघल ने फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स पर कहा कि प्लेटफॉर्म ऐसी कहानियों को प्राथमिकता देता है, जो केवल मनोरंजन तक सीमित न रहें, बल्कि दर्शकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव भी बनाएं।
उन्होंने कहा कि ‘ढाणी’ इसी सोच का हिस्सा है, जिसमें डर, साहस, सस्पेंस और मानवीय संघर्ष को प्रभावी तरीके से पेश किया गया है। फिल्म को मिल रहा दर्शकों का रिस्पॉन्स यह दिखाता है कि क्षेत्रीय भाषाओं में भी मजबूत और विश्वस्तरीय कहानियों के लिए बड़ी ऑडियंस मौजूद है।
सपर चहल ने निभाई मुख्य भूमिका
फिल्म में सपर चहल मुख्य भूमिका में हैं और बतौर लीड एक्टर यह उनकी पहली फिल्म है। उनके साथ हरिओम कौशिक, अनुप रंगा, रोहित फोगाट, मनीष कुमार, चंदन शर्मा, मीना मलिक और कृष्णा मलिक भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
फिल्म का कॉन्सेप्ट और कहानी अनु परमार और प्रवेश राजपूत ने तैयार की है। वहीं, इसका स्क्रीनप्ले और संवाद आकाश सिंह ने लिखे हैं। फिल्म के क्रिएटर हरिओम कौशिक, निर्देशक अनमोल दर्शन और संगीतकार रोहित फोगाट हैं।
हरियाणवी कंटेंट में स्टेज की लगातार मजबूत पकड़
स्टेज इससे पहले ‘पुनर्जन्म’, ‘नाते’, ‘सांवरी’, ‘विदेशी बहू’ और ‘महापुनर्जन्म’ जैसे हरियाणवी प्रोजेक्ट्स के जरिए दर्शकों के बीच अपनी पहचान बना चुका है।
‘ढाणी’ इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए हरियाणवी भाषा, स्थानीय संस्कृति और आधुनिक थ्रिलर कहानी को एक साथ पेश करती है। फिल्म को शुरुआती सात दिनों में मिले 37 लाख से ज्यादा व्यूज़ को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि ‘ढाणी’ ने रिलीज के पहले ही सप्ताह में दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
